पीलीभीत। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत बीसलपुर और बरखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। इस दौरान दोनों सीएचसी पर 148 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया।
बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को आयोजित प्रधानमंत्री मातृत्व जांच शिविर में 41 गर्भवती महिलाओं की लगभग सभी प्रकार की जांचे हुईं। शिविर में महिलाओं की सुविधा के लिए दो पटल बनाए। पहले पटल पर महिलाओं का पंजीकरण और दूसरे पटल पर जांच की गईं। जांच करने वालों में राममिलन मौर्य और अनमोल कुमार शामिल रहे। शिविर में डायबिटीज, रक्त चाप, काला पीलिया और मलेरिया की जांचें हुईं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आलम ने बताया कि जांच में कोई महिला किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं पाई गई।
बरखेड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर का आयोजन हुआ। चिकित्सक डॉ. मनीषा चौरसिया ने सभी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा बांटी। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 107 गर्भवती महिलाओं को देखा। इनमें 69 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की जांच कर दवा दी। अन्य महिलाओं के खून की जांच की गई।