जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श के लिए लगी मरीजों की भीड़। संवाद
पीलीभीत। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हुई हैं। अब अगले माह से सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सुविधा मरीजों को मिलने वाली है। मेडिकल कॉलेज की ओर से जल्द ही मरीजों के परामर्श के लिए गैस्ट्रोलॉजिस्ट (जठर रोग विशेषज्ञ), नेफ्रोलॉजिस्ट (गुर्दा विशेषज्ञ) और यूरोलॉजिस्ट (मूत्र रोग विशेषज्ञ) मरीजों को परामर्श देंगे। अब तक इन विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए मरीजों को दूसरे शहरों के चक्कर काटने पड़ते थे।
जिला अस्पताल का मेडिकल कॉलेज से संबद्धीकरण होने के बाद से जांच से लेकर परामर्श और सर्जरी की सेवाओं में इजाफा हुआ है। पूर्व में कार्डियोलॉजी और न्यूरोसर्जन जैसे विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे थे। अब मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अगले माह से तीन अन्य सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की तैनाती पर काम किया गया है। जिला अस्पताल में दिसंबर से गैस्ट्रोलॉजिस्ट चिकित्सक की ओर से पाचन तंत्र, लिवर और पेट संबंधी जटिल रोगों की जांच और इलाज किया जाएगा। नेफ्रोलॉजिस्ट किडनी के जटिल मामलों को संभालेंगे। यूरोलॉजिस्ट पेशाब की रुकावट, पथरी, प्रोस्टेट व अन्य मूत्र रोगों के लिए मरीजों का इलाज करेंगे। अभी अधिकतर जिले के प्राइवेट अस्पतालों में भी इन सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं है। इनसे परामर्श के लिए मरीजों को बरेली, लखनऊ के चक्कर काटने पड़ते थे।
कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों से बात की है। प्रयास है कि अगले माह से उनकी नियुक्ति जिला अस्पताल में मरीजों के लिए की जाए। अगर ये चिकित्सक आएंगे तो मरीजों को दूसरे जिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। निशुल्क इलाज मुहैया करा दिया जाएगा।
डॉ. संगीता अनेजा, स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय