पीलीभीत। हर पात्र लाभार्थी को पांच लाख तक का प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त इलाज दिलवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक जिले भर में आयुष्मान गोल्डन शिविर लगाने जा रहा है। शिविर में छूटे गए परिवार और लाभार्थी के घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इसको लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।
आज भी कई पात्र लोग आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक के मुफ्त इलाज के लिए परेशान रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब एक माह तक मासिक आयुष्मान गोल्डन कैंप लगाने जा रहा है। यह शिविर विकास खंड स्तरों पर हर ग्राम पंचायत में लगाए जाएंगे। इनमें सूचीबद्ध नाम देखने के बाद छूटे गए परिवारों के अन्य सदस्यों के कार्ड बनाए जाएंगे। इसी के साथ 70 वर्ष की उम्र पार कर चुके बुजुर्गों का भी सीधा कार्ड बनाया जाएगा। कैंप में मुख्यत: पंचायत सहायक, सीएचओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आयुष्मान मित्र कार्ड को बनाएंगे। अब तक जिले में 11,89627 कार्ड के लक्ष्य के सापेक्ष स्वास्थ्य विभाग 7,98530 कार्ड बनाकर लोगों को बांट भी चुका है जो कि 67.14 प्रतिशत हुआ है।
प्रदेश में परिवार में प्रथम, संख्या में छठें स्थान पर आयुष्मान योजना में जिला
आयुष्मान कार्ड योजना में लोगों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज देने के संदर्भ में स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाई है। विभागानुसार 2,46973 परिवारों में 2,29768 परिवारों किसी न किसी सदस्य का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। 92.98 प्रतिशत के साथ परिवार में आयुष्मान कार्ड बनाने में प्रथम स्थान पर है। संख्या के आधार पर विभाग 67.14 प्रतिशत से दूसरे स्थान पर है।