पीलीभीत। सुबह-शाम के मौसम में अब ठंडक होने लगी है। ऐसे में जुकाम-सर्दी व बुखार के मरीजों में तेजी से इजाफा हो रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। करीब 1500 मरीज अस्पताल पहुंचे। इसमें सर्दी-बुखार, जुकाम पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 200 से अधिक रहा।
मौसम में बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सर्दी-जुकाम, खांसी, सरदर्द आदि शिकायतें हो रही हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे ही पर्चा काउंटर मरीजों की लाइन लगी। पर्चा बनवाने में धक्का- मुक्की और झड़प भी हुई। कक्ष संख्या 12,13 के बाहर मरीजों को चिकित्सक से परामर्श को घंटों इंतजार करना पड़ा। चिकित्सक डॉ. महावीर ने बताया कि मौसम के बदलाव के चलते सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें, गर्म पानी का सेवन करें। दिक्कत होने पर चिकित्सक से सलाह लें।