स्टेट आब्जर्वर डॉ. एपी चतुर्वेदी ने जिले में चल रहे मिशन इंद्रधनुष की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सात बीमारियों से बचाव को सात अप्रैल से मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शून्य से दो वर्ष तक के 32335 बच्चों व 10034 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाना है। अभियान के दौरान कोई भी चिह्नित बच्चा और गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रह पाए। इसको लेकर जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मॉनीटरिंग की जा रही है। पूर्व में दिल्ली से आए नेशनल आब्जर्वर डॉ. प्रवीन पाटिल ने अभियान सत्रों का निरीक्षण कर टीकाकरण की स्थिति जानी थी।
इधर शनिवार देर शाम स्टेट आब्जर्वर डॉ. एपी चतुर्वेदी पहुंचे। उन्होेंने सीएमओ कैंप कार्यालय में चिकित्साधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अभियान की जानकारी लेने के बाद चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान सीएमओ डॉ. ओम चौहान, नोडल अधिकारी डॉ. सीएम चतुर्वेदी, डॉ. राजेश भट्ट समेत सभी सीएचसी के चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।