संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल के चलते टीकाकरण अभियान प्रभावित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसकी भरपाई की तैयारी शुरू कर दी है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं का छूटा हुआ टीकाकरण पूरा कराने के लिए अतिरिक्त सत्र लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है और संबंधित कर्मचारियों को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
जिले में करीब एक सप्ताह तक लगभग 1400 संविदा स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर रहे थे। इसके चलते कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। वहीं, एएनएम के धरने पर रहने के कारण नियमित टीकाकरण भी प्रभावित हुआ। इससे बड़ी संख्या में बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण नहीं हो सका। निर्धारित लक्ष्य में कमी आने के बाद विभाग अब अतिरिक्त सत्र आयोजित कर छूटे हुए लाभार्थियों को टीके लगाने की तैयारी में जुटा है।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर टीकाकरण पूरा कराने की योजना बनाई है। इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान को गति दी जा सके।
टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. आसिफ ने बताया कि छूटे हुए लाभार्थियों का टीकाकरण पूरा कराने के लिए अतिरिक्त सत्र लगाए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।