पीलीभीत। टीकाकरण की प्रगति कम मिलने पर डीएम ने सख्ती अपनाई है। सीएमओ समेत अन्य कई जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब किया गया है। साथ ही टीकाकरण बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम पुलकित खरे ने बताया कि अमरिया, ललौरीखेड़ा, बीसलपुर, बिलसंडा, पूरनपुुर के खंड विकास अधिकारी और प्रभारी चिकित्साधिकारियों से दो दिन में जवाब मांगा गया है। समीक्षा में अमरिया में 45 से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों का डोज 9.4 प्रतिशत, पूरनपुर में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 46.02 प्रतिशत, बीसलपुर में डोज औसत 26.83 प्रतिशत, बिलसंडा में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 23.5 प्रतिशत और ललौरीखेडा में औसत डोज 21.84 प्रतिशत पाया था, जोकि संतोषजनक नहीं है।
इसी तरह से अधिशासी अधिकारी बीसलपुर, बिलसंडा, पूरनपुर, कलीनगर, बरखेडा पीलीभीत और यहां के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से भी जवाब तलब किया है। बीसलपुर नगर में 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक औसत डोज 10 प्रतिशत, बिलसंडा में औसत डोज 45 प्रतिशत, पूरनपुर में औसत डोज 18.12 प्रतिशत, कलीनगर में औसत डोज 1.07 प्रतिशत, बरखेडा में औसत डोज 1.75 प्रतिशत और नगर क्षेत्र में औसत डोज 19.20 प्रतिशत मिला है।
लक्ष्य के अनुरूप कोविड टीकाकरण न किए जाने के पर सीएमओ से भी जवाब मांगा है। टीकाकरण महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीकाकरण दैनिक लक्ष्य 8000 के सापेक्ष 4565 नागरिकों का हो सका है। यह निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 57.1 प्रतिशत है। इसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।