पीलीभीत। पायलट प्रोजेक्ट चलाकर तीन ब्लॉकों के 50 गांव में आयोजित टीकाकरण कैंप में 3236 ग्रामीणों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाकर खुद को सुरक्षित किया। बरखेड़ा में टीकाकरण का प्रतिशत सबसे कम रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ग्रामीणों को जागरूक करने में जुटी रही।
शासन के निर्देश पर चले रहे पायलट प्रोजेक्ट के तहत दूसरे दिन मंगलवार को पूरनपुर, मरौरी और बरखेड़ा ब्लॉक के 50 गांवों में टीकाकरण कैंप कराया गया। सुबह से ही टीम गांवों में पहुंचकर आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरूकता कैंप किया। इसके बाद सुबह नौ बजे गांव में चिह्नित किए गए टीकाकरण बूथ पर टीकाकरण करने के लिए बैठ गई। बरखेड़ा में कुछ स्थानों पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। क्योंकि इंटरनेट समस्या के चलते पोर्टल ठीक ढंग से काम नहीं कर पा रहा था। ग्रामीणों को पंजीकरण करने के बाद उन्हें वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। दोपहर एक बजे के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान कुछ हद तक रफ्तार पकड़ सका। इस क्रम में पूरनपुर ब्लॉक में 18 स्थानों पर 3300 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जहां 1436 ग्रामीणों ने वैक्सीन लगवाई। बरखेड़ा में 17 स्थानों पर 1650 का लक्ष्य दिया था। जहां पूरे दिन में 560 ग्रामीणों ने टीका लगवाया। इस क्षेत्र में अभी भी ग्रामीणों के मन में टीकाकरण को लेकर भ्रांतियां फैली हुई है। जिस कारण वह टीकाकरण के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। जबकि सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बरखेड़ा पहुंचकर कई जगह लोगों को जागरूक किया, लेकिन फिर भी टीकाकरण का प्रतिशत नहीं बढ़ सका। इसक अलावा मरौरी ब्लॉक में 14 स्थानों पर 1700 लोगों के वैक्सीनेशन का टारगेट तय हुआ था। जहां 1240 लोगों ने टीकाकरण करवाया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में टीकाकरण के लिए बुलाने पहुंची थी। इसलिए टीका लगवा लिया है। कोरोना से बचने के लिए टीका जरूरी है। टीका लगने के बाद किसी तरह कोई परेशानी नहीं हुई।- देवेश गंगवार, नकटा मुरादाबाद
पहले टीका लगवाने से डर लग रहा था। कहीं बुखार न आ जाए। लोगों की बात मानकर टीका लगवा लिया। टीका लगने के बाद पूरी तरह स्वास्थ्य है, किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। टीकाकरण के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।- अर्जुन कुमार, नकटा मुरादाबाद
शासन के निर्देश पर पायलट प्रोजेक्ट चला गया था। दो दिन में तीन ब्लॉकों में 4391 लोगों ने टीकाकरण कराया है। टीकाकरण को शत-प्रतिशत तक पहुंचने के लिए प्रोग्राम लगातार जारी रहेगा।- डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ