थाना न्यूरिया के गांव सुआखेड़ा निवासी 59 वर्षीय छोटेलाल पर एक आवारा सांड ने हमला बोल दिया। शोर शराबा होने पर परिवार के लोग जब तक मौके पर पहुंचते उससे पहले सांड ने छोटेलाल को पटक-पटक कर मार डाला। परिवार के मुखिया की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
गांव सुआखेड़ा निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 12 बजे उनके पिता छोटेलाल शौच के लिए घर से बाहर गए थे। कुछ दूरी पर खड़े अवारा सांड ने उन पर हमला बोल दिया। पिता की चीखपुकार पर जब तक वह लोग मौके पर पहुंचते। इससे पहले ही सांड ने पिता को पटक-पटक कर मार डाला। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से बमुश्किल साड़ को मौके से भगाया। जब पिता को देखा तो वह मृत अवस्था में थे। इससे परिवार में कोहराम मच गया। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बेटा कृष्णकुमार ने पिता की मौत की सूचना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।