क्षेत्र में शनिवार को दो बड़े हादसे होने से बच गए। भूसा भर कर आ रहा ट्रक रेलिंग विहीन देवहा नहर में ट्रक चालक समेत जा गिरा। दूसरी घटना में भूसा भरे ट्रक में लगा लोहे का पाइप सड़क क्रास कर रही हाइटेंशन लाइन से छू गया। जिससे ट्रक में आग लग गई। गनीमत यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ।
देवहा नहर में चालक समेत गिरा ट्रक
थाना जहॉनाबाद के गांव सरदारनगर निवासी चालक जाबिर ने बताया कि वह गांव तिरकुनियां नसीर से ट्रक में भूसा भरकर आ रहा था। देवहा नहर पुल से अमरिया की ओर मुड़ने पर वह रेलिंग विहीन पुल से ट्रक समेत नहर में जा गिरा। जिससे वहां हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोग नहर में कूद गए और चालक को खिड़की तोड़कर किसी तरह बाहर निकाला। हादसे में चालक घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। करीब पौन घंटे के बाद जाम खुल सका। बतादें कि इस नहर पुल की करीब दो साल से रेलिंग टूटी हुई है। तमाम शिकायतों के बाद भी अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद लोगों में रोष है।
हाइटेंशन लाइन का तार छूने से ट्रक में लगी आग
दूसरी वारदात कस्बा अमरिया में हुई। उदयपुर लिंक मार्ग से एक ट्रक भूसा भरकर आ रहा था। कस्बे में नीलगिर स्कूल के पास भूसे से भरे ट्रक के ऊपर लगा लोहे का पाइप हाइटेंशन लाइन से छू गया। जिससे ट्रक के पहियों में आग लग गई। चालक ने दिलेरी दिखाते हुए ट्रक को पानी में खड़ा कर दिया। जिस पर लोगों ने पानी आदि डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही की ट्रक से छुआ तार तुरंत छूट गया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई।