केंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी की सिफारिश पर हरियाणा सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की घोषणा की है। इसकी पुष्टि स्वयं मेनका गांधी तथा जिलाधिकारी ओम नरायन सिंह ने की है।
मेनका गांधी ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद उन्होंने डीएम सोनीपत और हरियाणा के मुख्यमंत्री से वार्ता कर मृतकों के परिवार वालों को मुआवजा देने की सिफारिश की। इसके बाद हरियाणा सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की। डीएम ओएन सिंह ने भी मुआवजे की घोषणा की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि डीएम सोनीपत ने उनसे वार्ता कर इसकी जानकारी देने के साथ मृतक आश्रितों के खाता नंबर आदि मांगे थे, जिस पर उन्होंने एसडीएम को खाता नंबर आदि एकत्र करने को गांव भेजा था। डीएम ने बताया कि मृतक रोहित कुमार की पत्नी सोना देवी व अशोक कुमार की पत्नी अनीता देवी का बैंक खाता ही नहीं था। इस पर एसडीएम ने सोमवार को दोनों के खाते पूरनपुर की पंजाब नेशनल बैंक में खुलवा उसका खाता नंबर प्राप्त कर भेजा। हादसे में मरे अमित का भाई देवशरन अविवाहित था इस लिए उसकी मां चित्रा देवी का खाता नंबर भेजा गया है। मृतक अमित कुमार की पत्नी संजना देवी का भी खाता नंबर भेज दिया गया है। मृतक धर्मपाल बीसलपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम भैसइया का रहने वाला बताया गया है। उसकी पत्नी का नाम विमला देवी है। वह एक साल से अधिक समय से अपने पति के साथ किसी दूसरे गांव में मेहनत मजदूरी करने चली गई थी। उसे राजस्व टीम लगवाकर पता किया गया, लेकिन देर सायं तक पता नहीं चल सका था। उसके मिलने पर उसका भी खाता संख्या भेज दिया जाएगा। डीएम ने कहा कि स्थानीय प्रशासन का भी प्रयास होगा कि मृतकों के परिवार वालों को हर संभव सहायता व मदद करे।
जल्द गांव पहुंचेंगी मेनका
मेनका गांधी के ओएसडी आनंद चौधरी व प्रवक्ता एमआर मलिक ने बताया कि मेनका गांधी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही फोन पर उनके परिवार वालों से बात कर ढांढस बंधाया है। उन्होंने बताया कि मेनका गांव पहुंचकर उनके परिवार वालों से मुलाकात करेंगी।