पीलीभीत। शहर के एक बरात घर में हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। वीडियो का संज्ञान लेकर मामले में सुनगढ़ी थाने में कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें होटल मालिक, मैनेजर और कार्यक्रम आयोजक को आरोपी बनाया गया है। अब पुलिस वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इसके बाद असलहा जब्त करने के साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी कराई जाएगी।
सोशल साइट्स व्हाट्सएप पर शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो डिग्री कॉलेज चौराहा के पास सिल्वर लीफ होटल का बताया गया। वीडियो में शादी समारोह के दौरान संबंधित परिवार का एक सदस्य रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दिया। यह परिवार एक बाइक एजेंसी मालिक का बताया गया है। घटना करीब दस दिन पुरानी बताई गई। पता तो यहां तक चला है कि इसी व्यक्ति ने इससे चंद दिन पहले ही माधोटांडा क्षेत्र के एक रिसोर्ट में भी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की थी। न तो होटल प्रबंधन ने ऐसा करने से रोका, न ही घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। ऐसे में होटल प्रबंधन का भी फंसना तय माना जा रहा था। वीडियो सामने आने के बाद जब पुलिस तस्वीर साफ करने के लिए होटल पहुंची तो वहां के मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी इनकार कर दिया था। इसके बाद ही अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया।
एसपी अभिषेक दीक्षित और एएसपी रोहित मिश्र ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को एएसपी की ओर से सीओ सिटी प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतर सिंह को मामले में कई बिंदुओं पर कार्रवाई का पत्र भेजा गया। इसके बाद इंस्पेक्टर क्राइम सुनगढ़ी नरेशपाल सिंह की ओर से होटल मालिक, मैनेजर और कार्यक्रम आयोजक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। यह भी कहा गया है कि हर्ष फायरिंग के चलते कई लोगों की जान पर खतरा बना रहा।
वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फायरिंग करने वालों की पहचान करने के बाद सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण के अलावा होटल प्रबंधन की लापरवाही पर भी सख्त एक्शन लिया जाएगा। - रोहित मिश्र, एएसपी