जिले में हनुमान जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। मंदिरों में हवन-पूजन और भंडारे हुए। पूरनपुर और बीसलपुर में शोभायात्रा निकाली गई।
शहर के श्रीलक्ष्मी नारायण देवीप्रसाद धाम में शुक्रवार को दक्षिणमुखी श्रीहनुमान का चोला चढ़ाकर शृंगार किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन भी किया। बाद में भंडारा हुआ। इस मौके पर सर्वेश कुमार, रविंद्र मोहन भटनागर, विद्याराम, अवधेश शर्मा, हनी, आलोक, पप्पू, मुकेश कुमार, रामेश्वर, आशू आदि मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद कार्यालय कैंपस स्थित भगवान शिव मंदिर में श्रीहनुमान जयंती पर हवन हुआ। इस मौके पर चेयरमैन प्रभात जायसवाल, संतोष कुमार, चेतन, अमर किशोर, अमित कुमार, प्रकाशचंद, अशोक सक्सेना आदि मौजूद रहे।
पूरनपुर। श्रीहनुमान जयंती के उपलक्ष्य में नगर के बंडा रोड स्थित श्रीहनुमान मंदिर से पवनसुत मंडल की ओर से महंत शिवम् कुमार कठेरिया और रामस्वरूप आजाद के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बाल हनुमान की वानर सेना, काली का अखाड़ा, श्रीकृष्ण रासलीला आदि झांकियां थीं। शोभायात्रा में सबसे आगे श्रद्धालु सड़क की साफ-सफाई करते चल रहे थे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पूर्व मंदिर में महंत शिवम कुमार कठेरिया ने केक काटा। उधर, श्रीहनुमान सेवा समिति की ओर से नगर के ठाकुरद्वारा मंदिर में सुंदरकांड पाठ किया गया। विशाल भंडारा भी हुआ। इस मौके पर श्याम मनीष खंडेलवाल, नवनीत गुप्ता, राजीव गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, संदीप खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।
बीसलपुर। नगर के जानकी रतन मंदिर में दो दिवसीय वार्षिक श्री बालाजी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन मंदिर में हवन हुआ। जिसमें तमाम श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। हवन महंत लखनलाल मिश्र और प्रदीप नारायण मिश्र ने विधिविधान से कराया। इसके बाद श्री बालाजी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में श्री बालाजी का दरबार और भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा का नगर में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद शोभायात्रा पुन: मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। इस मौके पर आयोजन समिति के लखनलाल, राकेश गुप्ता, दिनेश गुप्ता, प्रज्जवल, आर्यन, प्रांजल, अरविंद, शीतल, मोहनस्वरूप, हरिओम, श्रीराम आदि शामिल रहे।
बिलसंडा। श्रीहनुमान जयंती पर कैलाश वेदांताचार्य की देखरेख में पुरानी गल्ला मंडी स्थित नर्मदेश्वर नाथ और धर्मशाला के निकट लालेश्वरनाथ मंदिर में सुंदरकांड का पाठ हुआ। इसमें पवन शर्मा, मनमोहन, पंकज मिश्र, रामदास जायसवाल, दीपक गुप्ता, दिलीप गुप्ता, चेतन शर्मा, अजय और सर्वेश गुप्ता का सहयोग रहा ।