राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अजमेर सिंह छीना की पुत्री और दामाद की मालदीव में डूबने से हुई मौत पर परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। तमाम लोग शोक संवेदना व्यक्त करने राइस मिलर के घर पहुंच रहे। दोनों शव रविवार को भारत आने की उम्मीद है।
राइस मिलर अजमेर की की तीन संतानों में सबसे छोटी पुत्री राजदीप कौर की शादी फरवरी, 2016 में बिलासपुर (रामपुर) निवासी सुखवंत सिंह रंधावा से हुई थी। शादी में जमकर धूमधड़ाका हुआ था। शादी के बाद राजदीप कौर और सुखवंत सिंह दुबई में रहने लगे थे। व्यापारी नेता ने बताया कि दुबई में उनके दामाद की गिनती बड़े बिल्डर्स में की जाती थी। शादी के बाद से ही पुत्री-दामाद हनीमून के लिए कई देशों की यात्रा पर निकले थे। सावन के चलते उन्होंने चार दिन पहले ही बेटी से घर आने को कहा था। तब उसने 27 जुलाई को पंजाब पहुंचने की जानकारी दी थी। उधर, स्विटजरलैंड होते हुए दो दिन पहले दोनों मालदीव पहुंचे थे। मालदीव में एक स्थान पर बेटी और दामाद की डूबने से मौत हो गई। इसकी जानकारी शुक्रवार देरशाम हो सकी। राइस मिलर्स नेता की पुत्री दामाद की मौत की सूचना पर शनिवार को उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़ लगी रही। उन्होंने बताया कि मालदीप में रह रहे उनके अन्य रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुत्री और दामाद का शव रविवार को भारत पहुंचेगा। रविवार को परिवार के साथ राइस मिलर नेता दिल्ली रवाना होंगे।