गन्ना समिति बोर्ड की बैठक में भुगतान न होने और घटतौली सहित कई समस्याओं को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सदस्यों ने खड़ी तौल और बैठक में अनाधिकृत लोगों के बैठने पर भी नाराजगी जताई।
गन्ना समिति सभागार में चेयरमैन ज्ञानवती की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली बैठक की पुष्टि के बाद सचिव वसी अहमद ने एजेंडा प्रस्तुत किया। इसके बाद सदस्यों ने गन्ना भुगतान न होने पर मिल अधिकारियों को घेरना शुरू कर दिया। घटतौली का मामला भी प्रमुखता से रखा। सदस्यों का आरोप है कि मिलीभगत के चलते किसानों को लूटा जा रहा है। कुछ सदस्यों ने आरोप लगाया कि कई गन्ना पर्यवेक्षक ऐेसे हैं जिनके परिवार के लोग भी गन्ना समिति के सदस्य हैं। जबकि समिति नियमावली में ऐसे गन्ना पर्यवेक्षकों की तैनाती नहीं होनी चाहिए। ऐसे गन्ना पर्यवेक्षकों का तबादला कराने की मांग की गई। इस पर सर्वसम्मति से जांच कराने का प्रस्ताव पास किया गया। रचित अग्रवाल ने गन्ना पर्चियां समानुपात न निकलने और खड़ी तौल व ट्रकों में सीधे लोडिंग पर एतराज जताया। बैठक में मौजूद एलएच मिल के डिप्टी केन मैनेजर एचके शर्मा व बजाज बरखेड़ा के गिरीश चौधरी ने बताया कि सरकार से अभी तक गन्ने का रेट निर्धारित नहीं किया है। जल्द भुगतान के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह, रचित अग्रवाल, शांति स्वरूप, अयोध्या प्रसाद, महेंद्र वर्मा, आफाक अहमद, राजू आदि रहे।