पीलीभीत। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। शासन स्तर से आए आदेश के बाद आवेदन शुरू हो गए हैं। जिले की 720 ग्राम पंचायतों में अब तक दस पंचायतों ने आवेदन किया है।
जिले के सात ब्लॉकों में 720 ग्राम पंचायतें है। ग्राम पंचायतों में विकास कार्याें को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना का संचालन हो रहा है। इस योजना में प्रधानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक कराए गए कार्याें के आधार पर पंचायतों को अंक के आधार पर पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। योजना के तहत ग्राम पंचायतों में नौ थीम पर उत्कृष्ट काम करने वाले प्रधानों को मौका दिया जाएगा। मूल्यांकन रिपोर्ट पंचायती राज विभाग के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड करानी होगी।
अब तक दस ग्राम पंचायतों ने किए आवेदन
जिले की 720 ग्राम पंचायतों में अब तक महज दस लोगों के आवेदन आए हैं। इस योजना में आवेदक 16 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। एक सितंबर से डीएम की अध्यक्षता में गठित परफॉर्मेंस टीम इसकी जांच पड़ताल करेगी। जिला स्तरीय समिति सत्यापन कराकर सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली पंचायतों को संस्तुति रिपोर्ट दी जाएगी। इसके बाद मंडलीय समिति जांच कर रिपोर्ट राज्य स्तरीय समिति को देगी। इसके बाद राज्य परफॉर्मेंस असेसमेंट कमेटी की ओर से चयनित ग्राम पंचायतों की सूची पंचायती राज आयुक्त को भेजी जाएगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण होगा।
-
वर्जन:
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के आवेदन शुरू हो गए है। इसके लिए दस ग्राम पंचायतों से आवेदन आ चुके है। चयनित ग्राम पंचायतों को गांव के विकास कार्याें में शासन स्तर से लाभ मिलेगा। -रोहित भारती, डीपीआरओ।