समाधान दिवस में नहीं आ रहे कई विभागों के अधिकारी
एसपी ने थाना न्यूरिया पर सुनी समस्याएं
दियोरिया में केवल एक शिकायत आई
थानों पर आयोजित होने वाले समाधान दिवसों में शासन के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। पुलिस और राजस्व विभाग के अलावा अन्य किसी भी विभाग के न तो अधिकारी समाधान दिवस में पहुंच रहे हैं और न ही उनके अधिनस्थ कर्मचारी। शनिवार को भी आयोजित समाधान दिवस में यह देखने को मिला। शहर से लेकर देहात सर्किल के थानों में राजस्व विभाग को छोड़कर किसी भी विभाग के अफसर नहीं पहुंचे। न्यूरिया थाना पहुंचे एसपी ने जनसमस्याएं सुनीं, लेकिन लेखापालों को छोड़कर अन्य विभागों के अधिकारी नहीं पहुंचे।
शासन के आदेश पर प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे शनिवार को थानों पर समाधान दिवस आयोजित होते हैं। समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराने के आदेश हैं। इसके पीछे शासन की मंशा थी कि फरियादियों को अधिकारियों के कई दिनों तक चक्कर काटने नहीं पड़ेंगे और उनकी समस्या का निपटारा हो जाएगा। समाधान दिवस में नगरपालिका, नगर पंचायत, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों व अधिनस्थ कर्मचारियो की उपस्थित अनिवार्य की गई थी, लेकिन राजस्व विभाग के अफसरों और कर्मचारियों को छोड़कर अन्य विभागों के अधिकारी समाधान दिवसों में नहीं पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी आयोजित हुए समाधान दिवस में शहर से लेकर देहात के थानों पर राजस्व विभाग के अलावा किसी अन्य विभाग के अधिकारी शामिल नहीं रहे। समाधान दिवस की उपस्थित पंजिका पर यदि नजर डाले तो इन विभागों के अधिकारी कई महीनों से नहीं शामिल हो रहे हैं। एसपी अनिल कुमार सिंह ने थाना न्यूरिया पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान दो शिकायतें राजस्व की आईं, लेकिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। थाना सुनगढ़ी में एक शिकायत दर्ज हुई। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि शिकायत का निस्तारण कराने के लिए मौके पर टीम भेजी गई। यहां पर राजस्व विभाग के अलावा अन्य किसी विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी नहीं पहुंचा। बरखेड़ा में एसओ ओम हरि वाजपेई की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ, लेकिन कोई शिकायत नहीं पहुंची। एसओ ने बताया कि लेखपाल के अलावा अन्य विभागों के कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं मौजूद रहे।
दियोरिया। कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में मात्र एक शिकायत आई, जिसके निस्तारण के लिए टीम भेज दी गई। कोतवाल एसएस यादव ने बताया कि समाधान दिवस में गांव किशनपुर निवासी अंबरलाल ने शिकायत करते हुए बताया कि उसकी कुछ जगह पर गांव के ही कुछ दबंगों ने पिछले काफी समय से अवैध कब्जा कर रखा है। विरोध करने पर वे आमादा फसाद भी हो रहे हैं। कोतवाल ने यह भी बताया कि समस्या के समाधान के लिए हलका दरोगा, कानूनगो और लेखपाल को भेज दिया गया है। समाधान दिवस में राजस्व विभाग और चकबंदी विभाग के लेखपालों के अलावा क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक रामेश्वर दयाल भी मौजूद रहे।
समाधान दिवस का शासनादेश निकलवाया जा रहा है। यदि इसमें अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य है तो वह नहीं पहुंच रहे हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मासूम अली सरवर, डीएम