वकीलों-बिजली कर्मियों के बीच हुए विवाद और मारपीट का मामला
सातवें दिन भी दोनों पक्ष रहे हड़ताल पर, वकीलों का विरोध तहसील स्तर पर भी शुरू
बिजली कर्मियों और वकीलों के बीच चल रहे विवाद को समाप्त कराने के लिए पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने बातचीत कर सुलह के प्रयास तेज कर दिए हैं। दोनों पक्षों से बातचीत कर उनको मनाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी इसका कोई नतीजा निकलकर सामने नहीं आ सका है। एक-दूसरे पर दर्ज कराए गए मुकदमे में गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोनों पक्ष मंगलवार को सातवें दिन भी हड़ताल पर रहे। उधर, जिले के अधिवक्ताओं के समर्थन में तहसील क्षेत्र में भी वकीलों ने प्रदर्शन की शुरूआत कर दी है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे बिजली कर्मचारियों ने प्रशासन की ओर से अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न किए जाने और बिजली कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया न कराए जाने पर रोष व्यक्त किया। वकीलों से जान का खतरा जताते हुए बिजली कर्मियों ने प्रशासन व सरकार से उनकी मांगों को पूरा करने की अपील की। इस मौके पर अशोक शर्मा, ओमकार, शंकर लाल, रियाजुद्दीन, दीपक जौहरी आदि विद्युत कर्मियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में धरना दिया। उधर जिला संयुक्त बार एसोसिएशन, सेंट्रल बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के वकीलों ने भी न्यायिक कार्य नहीं किया। आरोपी एसडीओ समेत बिजली कर्मियों की जल्द से जल्द धरपकड़ की मांग की गई। एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल जिला प्रशासन की ओर से विवाद को समाप्त कराने के लिए बातचीत के प्रयास में जुटे हैं।
पूरनपुर और बीसलपुर में प्रदर्शन कर वकीलों ने सौंपा ज्ञापन
पूरनपुर/बीसलपुर। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष डीपी यादव के नेतृत्व में वकीलों ने मंगलवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष संतराम राठौर के साथ हुए अभद्र व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई। एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अनुराग सिंह को सौंपा। ज्ञापन में वकीलों पर दर्ज मुकदमे को समाप्त करने और आरोपी बिजली कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। प्रदर्शन करने वालों में संजय सक्सेना, कौशलेंद्र भदौरिया, राजेश्वर मिश्रा, ओमप्रकाश यादव, संजय विश्वास, इफ्तखार खान आदि थे। उधर, बीसलपुर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया। इस मौके पर अध्यक्ष छोटेलाल सक्सेना, सुनील सक्सेना, गेंदनलाल, जितेंद्र गंगवार, रविकांत, राजेश मिश्रा, रामप्रकाश पाठक आदि मौजूद रहे।