जिले भर में गोवर्धन व अन्नकूट का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया। लोगों ने घरों में गोवर्धन महाराज की प्रतिमा बनाकर पूजा अर्चना की। ग्रामीण अंचलों में गोवर्धन पूजा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। शहर में अग्रवाल सभा में विशेष पूजन का आयोजन किया गया।
शहर में गोवर्धन पर्व को लेकर सोमवार को घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन की प्रतिमा बनाई गई। इसके बाद महिलाओं ने व्रत रखकर विधि विधान से गोवर्धन महाराज और गाय की बछिया की पूजा अर्चना की गई। घरों में गोवर्धन महाराज की झांकियां भी बनाई गई। लोधी धर्मशाला सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने पूजा अर्चना कर भजन कीर्तन भी किए। वहीं अग्रवाल सभा भवन में श्री गिरिराज पूजन अन्नकूट महोत्सव हुआ। इस दौरान श्री गिरिराज का पंचामृत से अभिषेक किया गया। लोगों ने छप्पनभोग लगाकर गिरिराज महाराज की मानसी परिक्रमा की। महाआरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बीसलपुर। महिलाओं ने व्रत रहकर गोवर्धन पूजा की। महिलाओं ने आंगन में गोबर व सीकों से पहाड़, देवी देवताओं व पशुओं की आकृतियां बनाई। महिलाओं ने इन देवी देवताओं की पूजा की। महिलाओं में इस पर्व को लेकर काफी उत्साह देखा गया। उधर मोहल्ला दुबे स्थित श्यामलदास की मढ़ी पर अन्नकूट उत्सव मनाया गया। यहां भंडारा भी हुआ। इस मौके पर महंत राममूर्तिदास, राहुल शंखधार, शिवसरन शंखधार, राम शंखधार, श्याम कुमार, अरविंद कुमार, रजनीश दुबे आदि लोग थे।
पूरनपुर। नगर सहित आसपास क्षेत्रों में गोवर्धन पर्व मनाया गया। महिलाओं ने व्रत रखकर गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना की। वहीं अमरैयाकलां, तकिया दीनारपुर, भगवंतापुर, घुंघचाई, माधोटांडा, जोगराजपुर आदि गांवों में भी पर्व मनाया गया।