पूरनपुर। मुख्तारेआम ने धोखाधड़ी कर जमीन को अपनी भाभी के नाम करा लिया। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गांव हुसेनापुर के सुरेंद्र सिंह की ओर से कस्बे के मोहल्ला गनेशगंज निवासी अफसर खां, अशरफ खां उर्फ राजू, अशरफ खां की पत्नी शायरा बेगम, गांव भावनीगंज अर्जुनपुर के इतवारी लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुरेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि गांव में उसकी मां सुरजीत कौर और ताई हरवंश कौर के नाम प्लाॅट था। इसकी देखरेख में असमर्थता के चलते उसका मुख्तारेआम पूरनपुर नगर के मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी के अफसर खां को बना दिया था। आरोप है कि मां और ताई की मौत के बाद मुख्तारेआम अफसर खां ने अपने भाई, भाभी और गांव भवानीगंज के इतवारी के साथ मिलकर धोखाधड़ी कर कूट रचित अभिलेख तैयार करा लिए। प्लाॅट को उसने अपनी भाभी शायरा बेगम के नाम करा लिया। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कराई जा रही है।