- पशु पालकों की कोतवाली में हुई बैठक
नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोतवाली में हुई बैठक में रमजान के मद्देनजर डेयरी संचालकों और सुअरपालकों को अलविदा व ईद के दिन पशुओं को बाहर न निकालने के निर्देश दिए गए।
कोतवाली परिसर में शनिवार को हुई बैठक में नगर पालिका चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने कहा कि रमजान पर्व पर शहर की सफाई व अन्य व्यवस्थाओं में कोई व्यवधान न हो, इसको लेकर अलविदा व ईद के दिन शहर की सड़कों पर पशुओं की आवाजाही पर पूर्णतया: प्रतिबंध रहेगा। यदि इन दोनों दिनों में कोई भी आवारा पशु घूमता पाया गया तो संबंधित पशु पालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डेयरी संचालकों को गोबर नालियों में न बहाने व आबादी के बीच गोबर एकत्र न करने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी ऐसा करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल हरगोविंद सिंह ने कहा कि पर्व भाईचारा का संदेश देते हैं। लोग इसे मिलजुलकर मनाए। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों ने नोटिस को लेकर आपत्ति जताई। इस पर कोतवाल ने कहा कि जब नियमों का उल्लंघन किया जाएगा तो नोटिस जैसी प्रक्रिया ही अपनाई जाएगी। बैठक में सभी डेयरी व सुअर पालकों ने निर्धारित दोनों दिन में पशुओं को बाहर न निकालने का भरोसा दिलाया। इस दौरान डेयरी संचालकों ने अन्य सामान दिनों में सुबह दस बजे से 11 बजे से पशुओं को बाहर ले जाने व दोपहर ढाई बजे से साढ़े तीन बजे तक पशुओं को डेयरी में लाने का समय निर्धारित करने की मांग की। जिस पर चेयरमैन ने हामी भर दी। इस मौके पर एसआई मोहम्मद राशिद खां सूरी, सफाई निरीक्षक अमित कुमार, प्रकाश चंद समेत तमाम पशुपालक मौजूद रहे।