एनएसए कैंप में छात्र छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या रोकने को जागरूक किया। इसके साथ ही इससे भविष्य में पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी दी।
ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज की एनएसएस इकाई का शिविर ग्राम खपरैल गौटिया में चल रहा है। शिविर के पांचवें दिन स्वयं सेवकों ने घर-घर जाकर महिला-पुरुष अनुपात की जानकारी देकर जीवन में कन्याओं के महत्व के बारे में बताया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को कन्या भ्रूण के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य श्यामाकुमार ने कन्या भ्रूण हत्या को समाज का अभिशाप बताते हुए इस पर रोक लगाने की अपील की और समाज के उत्थान पर कन्याओं को शिक्षित करने, नारियों के सम्मान की अपील की। डॉ. आरपी गंगवार ने ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी लोकेश कुमार, दिनेश कुमार शर्मा, गुलशन, जसवीर कुमार, झांझनलाल, नवल किशोर, नितेश कुमार सहित कई लोग थे। उधर, रामा इंटर कॉलेज की ओर से चल रहे एनएसएस शिविर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें प्रधानाचार्य ब्रह्माशंकर गंगवार, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, आशीष गंगवार, अनुराग गंगवार, अनुज मिश्रा, छत्रपाल, रविंद्र, शेषपाल, प्रदीप आदि मौजूद थे।