पीलीभीत के पूरनपुर में शादी का झांसा देकर युवती से कई बार दुष्कर्म और तेजाब पिलाने के आरोपी को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। बृहस्पतिवार को बयान दर्ज करने पहुंचे मजिस्ट्रेट को भी पीड़िता के बेसुध होने की वजह से वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने वीडियोग्राफी कर बयान की खानापूरी की है।
घटना नगर के एक मोहल्ले की है। युवती के घर के सामने रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर उसे गर्भपात की दवा खिला दी। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। युवती ने शादी की जिद की तो आरोपी ने 18 फरवरी को उसे तेजाब पिला दिया।
बरेली-दिल्ली में चला पीड़िता का उपचार
गंभीर हालत में पीड़िता को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बरेली और दिल्ली में उसका इलाज चला। तीन दिन पहले परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, पीड़िता की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को बयान दर्ज करने पहुंचे मजिस्ट्रेट को पीड़िता के बेसुध होने की वजह से बैरंग लौटना पड़ा।
परिजन, गंभीर हालत में पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने पीड़िता को इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना फरवरी की है। तीन दिन पहले रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़िता के बयान दर्ज कराने की स्थिति में न होने पर वीडियोग्राफी कराकर बयान की कार्रवाई पूरी की गई है।