तमाम प्रयासों के बावजूद गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों का शोषण बंद नहीं हो पा रहा है। गजरौला ए सेंटर पर चार प्रतिशत घटतौली दर्ज करने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा काटा। जानकारी पर मिल प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को शांत कराया।
शहर की एलएच शुगर मिल का क्रय केंद्र गजरौला ए के नाम से लगा है। जिस स्थान पर क्रय केंद्र लगा है वहां पानी भरा होने से किसान प्राइवेट धर्मकांटे से वजन कराकर ला रहे हैं लेकिन केंद्र प्रभारी शिवकुमार ने किसानों से इस धर्मकांटे के वजन से चार प्रतिशत कम वजन दर्ज कर रहे हैं।
शनिवार को बैवहा फार्म के फार्मर छत्रपाल सिंह व गजरौला के साहब सिंह जब अपनी ट्रालियों लेकर पहुंचे तो आरोप है कि सेंटर इंचार्ज ने चार प्रतिशत की कटौती कर वजन लिखना शुरू कर दिया। किसानों ने जब मना किया तो गन्ना लेने से मना कर दिया। इसपर किसानों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और ट्रालियों से गन्ना उतार रोक दिया।
जानकारी होने पर लाइन इंस्पेक्टर मोहित कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर शांत कराया। इसके चलते करीब दो घंटे तक गन्ना खरीद बंद रही। समिति सचिव वसी अहमद ने बताया उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।