सहकारी चीनी मिल के बेगास के ढेर में सुबह आग लग गई। आग पर काबू पाने को फायर ब्रिगेड की टीम के अलावा चीनी मिल के कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चीनी मिल के अधिकारियों ने आग साजिशन लगाना मानते हुए ठेकेदार के दो कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। आग से चीनी मिल प्रशासन चार लाख रुपये का नुकसान होना मान रहा है। सीएफओ ब्रहमानंद दुबे ने चीनी मिल पहुंचकर घटना की जांच की।
चीनी मिल के पेराई सत्र की शुरुआत को लेकर सोमवार को वायलर पूजन चल रहा था। इस दौरान बैगास के ढेर से निकल रहे धुएं पर चीनी मिल अफसरों और कर्मचारियों को आग लगने की जानकारी हुई। जब तक आग को बुझाने के प्रयास होते आग तेज हो गई थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और चीनी मिल के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से लाखों रुपये की बैगास जलकर राख हो गई। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक बीके अवरोल ने बताया कि आग साजिशन लगाई गई। आग से करीब चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बैगास की देखरेख के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। सुरक्षा गार्ड के बार-बार मना करने पर घास कटवाने के ठेकेदार के दो कर्मचारी बैगास की ढेर की ओर गए। ठेकेदार के दोनों कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया है।
नहीं करना होगा बैगास का इंतजाम
मिल प्रधान प्रबंधक बीके अवरोल ने बताया कि आग से बैगास जलने के बाद भी इसे अन्य मिलों से नहीं लेना होगा। उन्होंने बताया कि पेराई सत्र की शुरुआत को लेकर वायलर पूजन सोमवार को हो गया। चीनी मिल का पेराई सत्र तीस नवंबर को पटला पूजन के साथ होगा।
घटना की हो सीबीआई जांच
भाकियू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मंजीत सिंह ने आग की घटना पर रोष व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि चीनी मिल का पेराई सत्र समय से न चलाना पड़े। इसको लेकर साजिशन आग की घटना हुई है। इससे पहले भी दो बार आग से और एक बार भंडार गृह से लाखों रुपये का माल चोरी होने से चीनी मिल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। पूरे मामले की सीबीआई जांच हो। ताकि चीनी मिल को घाटे की ओर ले जाने वालों को बेनकाब किया जा सके।
चीनी मिल के पेराई सत्र की शुरुआत के समय पिछली बार भी बैगास में आग लगी थी। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। चीनी मिल प्रशासन ने बैगास की सुरक्षा को लगाए गार्ड हटा लिए थे। फायर सुरक्षा के इंतजाम ठीक रखने के पहले निर्देश दिए गए थे। वे भी चीनी मिल में नहीं मिले। आग की घटना में चीनी मिल प्रशासन की भूमिका संदिग्ध लग रही है। जांच पूरी कर रिपोर्ट उच्च अफसरों को भेजी जाएगी।
- ब्रहमनंद दुबे, सीएफओ