पीलीभीत। खरगापुर गांव में तीन दिन पहले हुई गोकशी के मामले में हिंदू संगठनों का विरोध तेज हो गया है। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता गोकशी पर नाराजगी जताते हुए बड़ी संख्या में बीसलपुर कोतवाली जा धमके। उन्होंने एसडीएम और सीओ से गोतस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ऐसा न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दे डाली। अफसरों ने कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया।
बीसलपुर के खरगापुर गांव में 13 अप्रैल को गोकशी की घटना के बाद हंगामा हो गया था। तस्करों ने पुलिस पर हमला करते हुए गोली भी चलाई थी। वहीं ग्रामीण और हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ता गोतस्करी के विरोध में जमा हो गए थे। अधिकारियों ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था। इस मामले में तीन तस्कर जेल भेजे गए थे। शनिवार शाम हिंदू युवा वाहिनी तहसील अध्यक्ष प्रशांत त्रिवेदी की अगुवाई में वाहिनी के कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र होकर फिर बीसलपुर कोतवाली पहुंच गए। इसकी भनक लगते ही एसडीएम चंद्रभानु सिंह, सीओ लल्लन सिंह, कोतवाल केशव कुमार तिवारी भी क्षेत्र से कोतवाली पहुंच गए। हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीणों ने गोकशी की घटनाओं पर सख्ती करने की मांग करते हुए अफसरों को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि गोकशी करने वालों को छूट दी गई तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अधिकारियों ने तस्करों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाकर सभी को वापस किया।