बरखेड़ा। दुकान पर ग्राहकों के आने को लेकर दो किराना व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। एक व्यापारी की ओर से कुछ लोग दूसरे व्यापारी के घर घुस गए और पिटाई कर दी। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर घर में घुसकर मारपीट करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली, जबकि दूसरे पक्ष ने पुलिस को छेड़छाड़ और एससीएसटी एक्ट की तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के दौलतपुर पट्टी गांव निवासी रामऔतार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी किराने की दुकान है। पड़ोस में एक अन्य व्यक्ति भी किराना दुकान चलाता है। उसकी दुकान पर ग्राहक अधिक पहुंचते हैं। इसी बात की रंजिश पड़ोसी व्यापारी मानता है। शनिवार दोपहर दो बजे पड़ोसी किराना व्यापारी अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया और पिटाई की। दूसरे व्यापारी की ओर से एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उसी समय की घटना बताते हुए कहा गया कि व्यापारी ने उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाया। इंस्पेक्टर उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि रामऔतार से मिली तहरीर पर चार लोगों पर विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर जांच चल रही है।