डीएम ओएन सिंह ने गैस वितरकों के साथ बैठक कर डीबीटीएल एवं सप्लाई की
समीक्षा की। डीएम ने गैस कनेेक्शन को बैंक से लिंक न करने वाले उपभोक्ताओं
की सप्लाई रोकने के आदेश दिए। बैंक में अनुपस्थित रहने वाले एजेंसी
स्वामियों का भी जवाब तलब किया गया है।
कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में
डीएम ने सबसे पहले उपस्थिति की समीक्षा की। इसमें पूरनपुर माधौटांडा रोड पर
रुरिया स्थित मैसर्स राज इंडेन ग्रामीण गैस वितरक, बिलसंडा की तुलसा गैस
सर्विस, शेरपुर की नफीस गैस सर्विस, टिकरी की तोमर गैस सर्विस के
प्रोपराइटर के उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाब तलब किया।
डीबीटीएल की समीक्षा में जिले की स्थिति अच्छी न होने पर डीएम ने गंभीरता
से लिया और गैस कनेक्शन बैंक खातों से संबद्ध न करने वाले उपभोक्ताओं की
सप्लाई रोकने के निर्देश दिए। बीसलपुर, शेरपुर गैस वितरक की लगातार
शिकायतें मिलने पर उन्होंने सुधार की चेतावनी दी। बैठक के दौरान शहर के
मीना गैस एजेंसी के प्रोपराइटर प्रेमपाल गंगवार ने बताया कि जिला सहकारी
बैंक में आधार कार्ड लिंक होने में दिक्कत आ रही है जिसपर डीएम ने सहकारी
बैंक के सचिव से बात कर समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी गैस
एंजेसी संचालकों से नए आवेदनों के लिए अलग रजिस्टर बनाने और क्रमवार गैस
कनेक्शन जारी करने की हिदायत दी। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा,
एलडीएम केडी नौटियाल के अलावा कंपनियों के जिला समन्वयक व गैस एंजेसियों
के प्रोपाइटर, पाटर्नर और प्रतिनिधि मौजूद रहे।