शेरपुर के माॅडल स्कूल के बाहर फैली गंदगी के बीच निकलते बच्चे। संवाद
मॉडल बालिका इंटर कॉलेज के गेट के सामने फैली गंदगी और झाड़ियों से छात्राएं परेशान
पीलीभीत। स्वच्छता के दावों के बीच शेरपुर कलां ग्राम पंचायत की तस्वीर सवाल खड़े कर रही है। मॉडल बालिका इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने कूड़े के ढेर और उगी झाड़ियों से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में गंदगी और जलभराव के कारण दुर्गंध के साथ मच्छर और जहरीले कीड़ों का खतरा भी बढ़ गया है। छात्राओं और अभिभावकों ने जल्द सफाई कराने की मांग की है।
कॉलेज के मुख्य गेट के सामने लंबे समय से कूड़ा जमा होने से यहां अघोषित डंपिंग जोन जैसी स्थिति बनी हुई है। कूड़े के साथ बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। छात्राओं का कहना है कि स्कूल आते-जाते समय उन्हें दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ता है। कई बार मुंह और नाक ढककर रास्ता पार करना पड़ता है। छात्राओं में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों को लेकर भी डर बना रहता है।
कक्षा 12 की इरम खान ने बताया कि स्कूल आते समय कूड़े की बदबू से परेशानी होती है और झाड़ियों में जहरीले जीवों का डर बना रहता है। कक्षा 10 की नंदनी देवी ने बताया कि गंदगी के कारण स्कूल के पास पहुंचते ही घुटन महसूस होती है। संवाद
-
स्कूल के आसपास ग्राम पंचायत के कर्मचारियों की ओर से लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। इसको लेकर कई बार मना भी किया जा चुका है। इसके बाद भी अस्थायी रूप से डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
- जूही शर्मा, प्रधानाचार्य, मॉडल बालिका इंटर कॉलेज।