पूरनपुर। दि किसान चीनी मिल का पेराई सत्र 16 नवंबर से हवन पूजन के साथ शुरू होगा। पेराई सत्र के शुभांरभ को लेकर चीनी मिल में बॉयलर पूजन किया गया। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार ने गांव नवदिया नदी किनारे जुकना पहुंचकर किसानों के साथ बैठक की।
जीएम ने बताया कि पेराई सत्र शुरू करने को लेकर बॉयलर पूजन करा दिया गया। मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ 16 नवंबर को हवन पूजन के साथ होगा। शुक्रवार को जीएम ने गांव नवदिया नदी किनारे जुकना पहुंचकर किसानों के साथ बैठक कर समस्याएं सुनी। प्रधान प्रबंधक ने बताया कि चीनी मिल गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों को असुविधा न हो। इसके लिए इस बार खरीद केंद्रों से आने वाले ट्रकों की लाइनें अलग जबकि किसानों के गन्ना लदे वाहनों की लाइनें अलग रहेगी। गन्ना लेकर मिल पहुंचने वाले किसानों के गन्ना की तौल कराने में आठ घंटे से अधिक का समय नहीं लगने दिया जाएगा। जीएम ने बताया कि बैठक में किसानों ने खरीद केंद्रों से गन्ना ट्रालों से न ढुलवाकर ट्रकों से ढुलवाने में संतुष्टि जाहिर की।