गांधी स्टेडियम तरणताल में ट्रायल के लिए प्रतिभाग करते तैराकी खिलाड़ी संवाद
पीलीभीत। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों के ट्रायल लिए गए। इसमें चार बच्चों का चयन हुआ। यह खिलाड़ी बरेली में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में मंडल की ओर से प्रतिभाग करेंगे।
खेल विभाग व राज्य तैराकी संघ की ओर से 23 से 25 मई तक बरेली के डोरीलाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य सीनियर तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रतिभाग के लिए जिला तैराकी संघ की सचिव भावना मिश्रा ने शुक्रवार को गांधी स्टेडियम के तरणताल में तैराकी खिलाड़ियों का ट्रायल कराया।
इसमें 50 व 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में श्रेया वैभवी का चयन हुआ। 50, 100 व 200 मीटर बैक स्ट्रोक में देवांशी कपूर ने बाजी मारी। 50,100 व 200 मीटर फ्रीस्टाइल में अंकित कुमारी, पुरुष वर्ग में 50 व 100 मीटर बैक स्ट्रोक में सक्षम गंगवार का चयन किया गया। क्रीडाधिकारी जयवीर सिंह ने बच्चों से परिचय लेकर हौसला आफजाई की है।