पीलीभीत। थाना न्यूरिया के गांव व कस्बे में रहने चार लोगों ने एसबीआई शाखा में फर्जी दस्तावेज जमाकर लाखों रुपये का ऋण ले लिया। शाखा प्रबंधक ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियाें पर धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
न्यूरिया क्षेत्र की एसबीआई शाखा के शाखा प्रबंधक रणजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव मरौरी निवासी सियाराम ने 18 फरवरी 2017 को एक लाख 26 हजार 900 रुपये का केसीसी ऋण लिया था। युवक ने जो दस्तावेज बैंक में जमा किए थे। उसमें यह दिखाया गया कि उसका किसी बैंक, वित्तीय संस्था, सहकारी समिति पर कोई बकाया नहीं है।
23 नवंबर 2022 को जानकारी में आया कि युवक ने कूटरचित तरीके से ऋण लिया है। इसी तरह खरौंसा निवासी मेवाराम ने सात जनवरी 2014 को बैंक से 1.85 लाख की केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) फर्जी दस्तावेजों के सहारे बनवाया। उस पर भी कई बैंकों का ऋण बकाया है। इसके अलावा न्यूरिया कॉलोनी के रहने वाले परिमल राय ने चार दिसंबर 2014 को 3.72 लाख और रानी कॉलोनी निवासी वासुदेव साना ने 1.76 लाख का जो केसीसी बनवाई, उसमें भी फर्जी कागजात लगाए गए। न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।