पीलीभीत। वाहनों के चालान व फिटनेस फीस के साथ अन्य करों (टैक्स) का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकेगा। इसके लिए चार पीओएस मशीनें विभाग को उपलब्ध कराई गई हैं। अब तक वाहन स्वामी नकद जमा करके ही विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाते थे।
परिवहन विभाग में भी कैशलेस सुविधा का आदेश काफी समय पहले हो गया था, लेकिन मशीनों के अभाव में वाहन स्वामियों को इस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा था। वाहन स्वामी कैश लाकर काउंटर पर जमा करते थे और उसके बाद कर्मचारी उसे बैंक में जमा करते थे।
अब विभाग को चार नई पीओएस (पेमेंट ऑनलाइन सिस्टम मशीनें) मिल गई हैं। अब वाहन स्वामी वार कोड व एटीएम कार्ड से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।
टैक्स समेत जुर्माना आदि भी अदा कर सकेंगे ऑनलाइन
वाहनों के टैक्स, जुर्माना सहित फिटनेस आदि की फीस अब तक विभाग के पास कैश में जमा होती थी। कैश काउंटर के कर्मचारी को भी परेशानी होती थी। अब इन सबमें काफी आसानी हो जाएगी।
वर्जन:
विभाग को नई चार पीओएस मशीनें मिली हैं। अब तक इनके न होने से ऑनलाइन पेमेंट नहीं हो रहा था। जल्द ही इनका संचालन शुरू करा दिया जाएगा। - वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ