विभाग ने शासन को भेजी डीपीआर, जल्द भवनों के निर्माण शुरू होने की उम्मीद
पीलीभीत। जिले में किराये के भवन में संचालित चार होम्योपैथिक अस्पतालों को खुद का भवन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इन होम्योपैथिक चिकित्सालय के भवन के लिए विभाग की ओर से 2.25 करोड़ रुपये की धनराशि का डीपीआर बनाकर शासन को भेजा गया है। अस्पताल को खुद का भवन मिलने से प्रतिमाह 10 हजार से अधिक मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
सिधौंरा खड़कपुर, जहानाबाद, भिखारीपुर व अमरिया होम्योपैथिक अस्पताल अस्थाई तौर पर किराये के भवनों में संचालित हो रहा है। सिधौंरा खड़कपुर चिकित्सालय गांव के मंदिर, अमरिया होम्योपैथिक चिकित्सालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में, जहानाबाद चिकित्सालय नगर पंचायत कार्यालय व भिखारीपुर होम्योपैथिक चिकित्सालय प्राथमिक विद्यालय में संचालित होने से मरीजों के उपचार व अन्य कार्य प्रभावित होता है। शासन के निर्देश पर इन अस्पतालों के भवन के लिए जमीन चिह्नित कर डीपीआर भेजा गया है। विभाग की ओर से 2.25 करोड़ की डीपीआर बनाकर भेजी गई है।
जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में धनराशि स्वीकृत होने की संभावना है। धनराशि जारी होेते ही भवनों को निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। किराये के रूप में जाने वाला राजस्व भी बचेगा। संवाद