फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वनकर्मियों ने कटोरा लेकर पर्यटकों से मांगी भीख

विज्ञापन
कटोरा ले कर भीख मांगते वनकर्मी। संवाद - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
पीलीभीत। लंबे समय से वेतन भुगतान न होने से परेशान दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारियों का बृहस्पतिवार दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। वन विभाग के मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर सामूहिक रूप से धरना दे रहे कर्मचारियों ने खटीमा मार्ग पर पहुंचकर हाथ में कटोरा थामकर राहगीरों और पर्यटकों से भीख मांगी। हालांकि टाइगर रिजर्व के अफसर हड़ताली कर्मचारियों को समझाने में लगे रहे।
विज्ञापन

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में तैनात दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की संख्या करीब तीन सौ है। कर्मचारियों पर जंगल की सुरक्षा के साथ पर्यटन की व्यवस्था को ठीक से संभालने की भी जिम्मेदारी है। हालांकि 13 माह से वेतन न मिलने से कर्मचारी परेशान हैं। कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर पूर्व में भी आवाज उठाई लेकिन वेतन नहीं मिला। परेशान होकर दैनिक वेतन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में टाइगर रिजर्व में तैनात समस्त दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी बुधवार से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गए। पहले दिन अफसरों के समझाने पर भी बात नहीं बन सकी। बृहस्पतिवार को भी दूसरे दिन हड़ताल जारी रही। सामूहिक रूप से कर्मचारी मुस्तफाबाद स्थित गेस्ट हाउस परिसर में एकत्र हुए और धरने पर बैठे। सरकार विरोधी नारेबाजी की गई। इसके बाद सभी खटीमा मुख्य मार्ग के निकट पहुंचे। हाथ में कटोरा थामे कर्मचारियों ने मार्ग से गुजर रहे राहगीरों को रोककर भीख मांगी। कुछ देर तक चूका बीच का पर्यटन पूरी तरह प्रभावित रहा। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन स्वरूप ने बताया कि लिखित आश्वासन तक हड़ताल जारी रहेगी।
एक दो सप्ताह में वेतन मिलने की है उम्मीद : डिप्टी डायरेक्टर
टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन जारी कराने को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत हुई है। एक से दो सप्ताह में वेतन जारी होने की उम्मीद है। कार्य को सुचारु रखने के लिए दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों से बातचीत की जा रही है। नियमित कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें