वित्तीय वर्ष के अंतिम माह का एक-एक दिन सरकारी महकमे के लिए कितना
महत्वपूर्ण है इसका अंदाजा सामाजिक वानिकी विभाग को देखकर लगाया जा सकता
है। नेहरू ऊर्जा उद्यान के जीर्णोद्धार को स्वीकृत छह लाख की धनराशि अभी
मिली नहीं है लेकिन काम शुरू कर दिया गया है ताकि 31 मार्च से काम निपटाया
जा सके।
टनकपुर रोड स्थित शहर के एक मात्र पार्क नेहरू ऊर्जा उद्यान की
देखरेख सामाजिक वानिकी के जिम्मे हैं। रखरखाव के अभाव में इसकी दशा काफी
खराब हो गई है। इसके लिए पिछले दिनों डीएम ने छह लाख की धनराशि स्वीकृति की
थी। बजट स्वीकृत से बाउंड्री निर्माण, तालाब, झूलों की मरम्मत, वाकिंग
ट्रैक आदि का काम कराया जाना था। इसके लिए विभाग ने कार्य योजना भी तैयार
कर ली है। बजट स्वीकृत होने के बाद अभी तक प्रशासन से इसकी धनराशि प्राप्त
नहीं हुई है लेकिन सामाजिक वानिकी ने पार्क के जीर्णोद्धार का काम शुरू कर
दिया है। शुक्रवार को निर्माण के लिए सामग्री यहां पहुंच गई साथ ही मजदूरों
से काम भी शुरू करा दिया गया।
कई बार ठिकाने लग चुके हैं लाखों
नेहरू
ऊर्जा उद्यान के जीर्णोद्धार का कार्य पहली बार नहीं हो रहा है। दो वर्ष
पूर्व ही 10 लाख की लागत से इसकी मरम्मत कराई गई थी लेकिन चंद दिनों बाद ही
स्थिति फिर ज्यों की त्यों हो गई। पार्क की पश्चिमी दीवार घटिया निर्माण
के चलते लगभग प्रति वर्ष गिर जाती है।
उद्यान के जीर्णोद्धार के लिए
प्रशासन से बजट स्वीकृत हो गया है। समय से काम निपटाने के लिए सामग्री
मंगवाकर निर्माण प्रारंभ करा दिया गया है। जल्द ही धनराशि भी मिल जाएगी।
वीरपाल सिंह, वनक्षेत्राधिकारी