सड़क दुर्घटना में मृतकों की याद में स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इसके तहत शहर में प्रभातफेरी निकाली गई और डीएम ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। शाम को दामोदार दास पार्क और छतरी चौराहे पर मोमबत्तियां जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।
सड़क पर कोई हादसा न हो इसके लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। कुछ ऐसा ही संदेश देने को परिवहन विभाग की ओर से विश्व सड़क दुर्घटना मृतक स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन रविवार को सुबह आठ बजे गैस चौराहा स्थित शहीद दामोदरदास पार्क पर डीएम मासूम अली सरवर के नेतृत्व में पुलिस, परिवहन के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली। गैस चौराहा से शुरू होकर प्रभातफेरी छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा होते हुए स्टेडियम पहुंची। रास्ते में एआरटीओ एवं परिवहन विभाग के स्टाफ ने राहगीरों को फूल भेंट कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। स्टेडियम में डीएम ने सभी को यातायात नियमों का शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान अथवा पुलिस चेकिंग से बचने को नहीं हमारे अपने और अपनों के जीवन के लिए जरूरी है। हम थोड़ी सी सावधानी बरत कर किसी के परिवार को उजड़ने से बचा सकते हैं। इस मौके पर बच्चों की दौड़ प्रतियोगिता हुई, जिसमें उदित, शाहरुख, प्रियंका, मुुस्कान, रजत, जतिन, उपासना, पवन शर्मा, अर्जुन, सोनाक्षी, भूपेंद्र को अपने अपने वर्ग में प्रथम द्वितीय तृतीय आने पर पुरस्कृत किया गया। शाम को गैस चौराहा एवं छतरी चौराहे पर मोमबत्तियां जलाकर दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में डीएम के अलावा एएसपी सुधीर कुमार सिंह, पालिका चेयरमैन प्रभात जायसवाल, एआरटीओ राजेश कर्दम, एआरटीओ प्रशासन नेहा द्विवेदी, सीओ सिटी सुखवीर सिंह, अश्विनी अग्रवाल, यूथ क्लब के कार्यकर्ता एवं स्कूल के छात्र छात्राएं मौजूद रहे।