बुझिया क्षेत्र में गोलाई में कटान करती शारदा नदी
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। शारदा नदी के जलस्तर में बुधवार को आई कमी के बावजूद रमनगरा बुझिया क्षेत्र में लगातार कटान जारी है। यहां नदी गोलाई में बिजौरी खुर्द के जंगल तक कटान कर रही है। इसके अलावा नलडेंगा क्षेत्र में भी धीमी गति से कटान जारी है। जिससे इन क्षेत्रों के ग्रामीणों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
पहाड़ों पर हो रही बारिश के बाद शारदा नदी का जलस्तर मंगलवार को एकाएक बढ़ गया। इसके बाद से नदी ने गभिया सहराई इलाके के नलडेंगा क्षेत्र और रमनगरा बुझिया में कटान शुरू किया था। हालात देख शारदा सागर खंड ने नलडेंगा में तो बचाव कार्य शुरू कराया लेकिन बुझिया इलाके में कोई कार्य शुरू नहीं कराया गया। इसके चलते नदी गोलाई में भूकटान कर रही है।
बिजौरी खुर्द का जंगल भी नदी के कटान की जद में हैं। मंगलवार को जलस्तर बढ़ने के बाद बुझिया के कुछ घरों में नदी का पानी घुस गया था। इधर, बुधवार को बनबसा बैराज से शारदा नदी में 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नदी के जलस्तर में कमी के बावजूद बुझिया और नलडेंगा क्षेत्र में कटान जारी रहा। हालांकि बुझिया क्षेत्र के जिन घरों में नदी का पानी घुस गया था, वहां पानी का उतार होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। एक दिन पूर्व बढ़े जलस्तर से रमनगरा से पुरैना ताल्लुके महाराजपुर, सेल्हा और धुरिया पलिया तक की कृषि फसलों को खासा नुकसान पहुंचा था और यह खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इधर, नदी में पानी की धार का प्रवाह दाईं तरफ तेजी से हो रहा है। ऐसे में रमनगरा, पुरैना ताल्लुके महाराजपुर और सेल्हा से धुरिया पलिया तक का इलाका खासा प्रभावित हो सकता है। कमोवेश नलडेंगा और गभिया सहराई की स्थिति भी कुछ खास अच्छी नहीं कही जा सकती, क्योंकि गभिया सहराई में 12 करोड़ रुपये की लागत से सनेडी तटबंध को बचाने के लिए तीन ठोकरें बनाई हैं, मगर उनमें भी शारदा नदी कटान कर रही है।
नलडेंगा में जलस्तर बढ़ने पर नदी कुछ स्थानों पर कटान करने लगी है। फिलहाल यहां कटान रोकने के लिए अस्थायी बचाव कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नदी ठोकरों को अधिक नुकसान न पहुंचा सके। नदी के जलस्तर पर भी पूरी निगाह रखी जा रही है। - राजकुमार, सहायक अभियंता, शारदा सागर खंड