बिलसंडा। रास्ते में खड़ी कार से निकली महिला को अचानक सामने आता देख चालकों ने अपने रोक दिए। आरोप है कि कुछ ही देर में वहां चार अन्य लोग भी आ गए और बेवजह गाली-गलौज कर वाहनों में तोड़फोड़ की। चालकों के मोबाइल फोन और रुपये भी छीन लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ तो लिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।
बिलसंडा निवासी रामसरन ने करेली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को निगोही क्षेत्र की एक बरात में बुकिंग पर अपना वाहन लेकर गया था। रात करीब आठ बजे बरात से लौटकर आते समय उनके पीछे चार अन्य वाहन भी चल रहे थे। सभी वाहनों में बरात के लोग बैठे थे। करेली थाना क्षेत्र के अमखेड़ा और मरेना गांव के बीच पहुंचते ही रास्ते में खड़ी एक कार से अचानक महिला उतरी और शोर मचाते हुए वाहन के सामने आकर गिर गई।
इस पर उसने व पीछे चल रहे अन्य चालकों ने वाहन रोक लिए। वे लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही कार से एक व्यक्ति निकला और पीछे से बाइक से तीन अन्य लोग भी लाठी-डंडे लेकर आ गए। गाली-गलौज करते हुए सभी वाहनों में तोड़फोड़ करने लगे। दो चालकों की जमकर पिटाई की। एक चालक को बंधक भी बना लिया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने तीन चालकों के मोबाइल फोन, घड़ी और तीन हजार रुपये भी छीन लिए। पुलिस को आता देख आरोपी भाग गए। एक को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। सोमवार को मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
थाना प्रभारी सिद्धार्थ उपाध्याय ने बताया कि शराब के नशे में एक व्यक्ति से झगड़ा हो गया था। एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मारपीट, मोबाइल फोन और रुपये छीनने एवं पांच वाहनों में तोड़फोड़ की बात गलत है।