बीसलपुर। विभागीय लापरवाही के चलते ब्लॉक क्षेत्र के पांच गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र चार माह बाद भी शुरू नहीं हो सके हैं। लाभ न मिलने से क्षेत्रीय लोगों में मायूसी है।
स्वास्थ्य विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में गांव रोहनिया, मुसेली, महादेवा, रिछोला और बरसिया में क्षेत्रीय जनता की मांग पर उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए थे। यह तय किया गया था कि प्रारंभिक दौर में ये उप स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में चलेंगे। आगे चलकर उनके विभागीय भवन बनवा दिया जाएंगे।
विभागीय उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की स्थानीय टीम ने इन पांचों गांवों में मानक के अनुरूप किराए के भवन चिह्नित कर लिए। किराया भी तय कर लिया गया। भवन स्वामियों को यह भी बता दिया गया की पहली अप्रैल 2025 से उनके भवनों में उप स्वास्थ्य केंद्र चालू हो जाएंगे।
टीम के कहने पर भवन स्वामियों ने चिह्नित भवनों की रंगाई-पुताई भी करवा दी। विभागीय उच्च अधिकारियों की अनुमति न मिलने के कारण इन चिह्नित भवनों में पहली अप्रैल से उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू नहीं हो पाए। नए वित्त वर्ष के चार माह बीत गए हैं। फिर भी अब तक विभागीय उच्च अधिकारियों की इस संबंध में अंतिम अनुमति नहीं मिल पाई है l
स्वीकृत नए उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू न होने से क्षेत्रवासियों में मायूसी है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पटल प्रभारी सरफराज अहमद ने बताया कि उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलते ही चिह्नित भवनों में उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू करवा दिए जाएंगे।