पीलीभीत। हरियाणा में प्लाट खरीदने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी की गई। तय सीमा बीतने पर जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकाने के साथ पीड़ित के साथ मारपीट की। कोर्ट के आदेश पर गजरौला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के लाडपुर उस्मानपुर गांव निवासी दलबाग सिंह ने कोर्ट के आदेश पर गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी काफी समय पूर्व पंजाब के लुधियाना जिले के थाना व कस्बा निवासी मुल्लापुर निवासी गुरसरन से जान-पहचान है। गुरसरन के रिश्तेदार पंजाब के कपूरथला जिले के थाना रावलपिंडी के गांव हरवंशपुर दोमेली निवासी मेवा सिंह, गुरमुख सिंह से भी वह पूर्व में मिल चुका है।
मई 2024 में तीन लोग उसके घर आए और हरियाणा में एक प्लाट का सौदा करने की बात कहकर पांच लाख रुपये मांगे। इस पर उसने पांच लाख रुपये दे दिए। छह माह में रुपये वापस करने की बात तय हुई। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब आरोपियों ने रुपये वापस नहीं किए तो उसने रुपये लौटाने को कहा। आरोपी पहले तो टालमटोल करते रहे। दो मार्च 2025 को आरोपियों के जनपद के घुंघचाई क्षेत्र में आने की बात पता चली। इस पर वह अपने मित्र के साथ आरोपियों के पास जाने के लिए निकला तो वह गजरौला क्षेत्र की माला कॉलोनी पुलिया पर मिल गए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने नशे की हालत में उस पर तमंचा तानकर धमकाया। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।