पूरनपुर। रेडीमेड कपड़ा व्यापारी ने शादी कराने का झांसा देकर 17 लोगों से 3.40 लाख रुपये ठग लिए। बाद में टाल-मटोल करने लगा। ठगी का अहसास होने पर लोगों ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। बाद में दुकान बंदकर भाग गया। पीड़ितों ने एसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
माधोटांडा थाना के गांव जमुनिया निवासी धर्मेंद्र, मनोज आदि ने एसपी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में कहा कि मेरठ की टीपी कोतवाली के शिवहरी मंदिर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने तीन साल पहले गांव में किराए पर दुकान लेकर रेडीमेड कपड़ों की दुकान खोली थी। इससे गांव के अलावा आसपास गांवों के लोगों से उसकी जान-पहचान हो गई।
उसने लोगों को अपनी बहन के हरिद्वार में समस्या समाधान केंद्र चलाने की जानकारी दी। जिन लोगों की गरीबी के चलते शादी नहीं हो रही है, उनकी शादी कराने का झांसा दिया। आरोपी ने उनके अलावा गांव और क्षेत्र के 17 लोगों से 20 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से 3.40 लाख रुपये ले लिए। बाद में शादी की बात करने पर टाल-मटोल करने लगा।
18 मार्च को रुपये मांगने पर उसने गालियां दी और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से दुकान बंद कर भाग गया। शिकायती पत्र में कहा गया कि घटना की शिकायत माधोटांडा पुलिस से की गई। मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शिकायती पत्र में जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की गई।