गजरौला। तालाब के चारों ओर गली जालियां काटकर लाखों रुपये की मछलियों को चोरी करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम परेवाअनूप निवासी मत्स्यजीवी सह समिति लिमिटेड के अध्यक्ष सूरजपाल कश्यप ने गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके लीज पर लिए गए तालाब से लाखों रुपये की मछलियां चोरी हो गईं। तालाब में करीब 25 से 30 लाख रुपये की मछलियां पाली गई थीं, जिन्हें सुरक्षा के लिए चारों ओर जालियां लगाई गई थीं। तालाब की देखरेख के लिए गांव इटौरिया निवासी धर्मपाल और सुनील कुमार को रखा गया था। 31 अगस्त की रात लगभग साढ़े 12 बजे दोनों रखवालों ने मचान से कुछ दूरी पर बातचीत की आवाज सुनी। टॉर्च जलाने पर उन्होंने देखा कि ग्राम इटौरिया निवासी विद्याप्रकाश और ग्राम महदखास निवासी राजेंद्र चार-पांच अन्य लोगों के साथ तालाब की जालियां काट रहे थे।
रखवालों के टोकने पर आरोपी धमकाने लगे और वहां से चले गए। बाद में जब धर्मपाल और सुनील ने मौके पर पहुंचकर देखा तो जालियां काफी दूर तक कटी हुई थीं और तालाब की सारी मछलियां बाहर निकाल ली गई थीं। इस घटना से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।