पूरनपुर। आइलेट संचालक ने पीड़ित से पहले कनाडा भेजने के नाम पर छह लाख और बाद में अमेरिका भेजने का झांसा देकर 6.70 लाख रुपये ठग लिए। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की मार्कशीट व आधार कार्ड ले लिया। पांच-छह महीने टालमटोल करता रहा। रुपये और अभिलेख वापस नहीं किए। पुलिस ने एसपी के आदेश पर मलकीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव शिंभुआ निवासी कुलविंदर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि गांव अजीतपुर बिल्हा निवासी मलकीत सिंह ग्लोबल इंस्टीट्यूट नाम से आइलेट सेंटर चलाता था। क्षेत्र में प्रचार-प्रसार को फ्लैक्स लगवाने के लिए आने पर उससे जान पहचान हुई। मलकीत ने उसे कनाडा का वीजा दिलाने के लिए 10 जुलाई 2024 को छह लाख रुपये, पासपोर्ट, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की मार्कशीट, आधार कार्ड आदि अभिलेख लिए। आठ दिन बाद उसने कनाडा का वीजा न मिलने की जानकारी दी। साथ ही अमेरिका का वीजा दिलाने की बात की। 25 जुलाई 2024 को अमेरिका का वीजा दिलाने के नाम पर 6.70 लाख रुपये और लिए। पांच-छह महीने तक वीजा के लिए टाल-मटोल करता रहा। रुपये और अभिलेख वापस मांगने पर कहीं फरार हो गया। उसके मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो रहा है। इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।