पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य जारी है। बुधवार को राजकीय ड्रमंड और बालिका इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्रों पर 13,606 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। दोनों केंद्रों पर 390 परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया।
यूपी बोर्ड परीक्षा के बाद 19 मार्च 2025 से कॉपियों का मूल्यांकन कार्य शुरू किया गया था। शहर के राजकीय ड्रमंड इंटर कॉलेज में इंटर और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियों की जांच की जा रही है। इसके लिए एक हजार से अधिक परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि 40 फीसदी परीक्षक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके लिए विभाग की ओर से उन्हें नोटिस भी जारी किए गए थे। इधर बुधवार को राजकीय ड्रमंड इंटर कॉलेज में इंटर की 6628 कॉपियाें की जांच की गई। यहां 190 परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया। इसके अलावा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 6978 कॉपियों की जांच की गई। यहां दो सौ परीक्षकों ने कार्य की जिम्मेदारी निभाई। दोनों केंद्रों पर अब तक करीब दो लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। डीआईओएस डॉ. अंचल मिश्रा ने बताया कि मूल्यांकन कार्य की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है।