पीलीभीत। गठित टीम की जांच में विकास कार्यों में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आने पर डीएम संजय कुमार सिंह ने बिलसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत फिरसाह चुर्राह के प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं। वहीं, डीपीआरओ को पंचायत सचिव को निलंबित करने का निर्देश दिया है। एडीओ पंचायत और बीडीओ को भी नोटिस भेजने का निर्देश दिया गया है।
बिलसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत फिरसाह चुर्राह निवासी संतोष कुमार ने शपथ पत्र पर शिकायत कर वर्ष 2014-15 एवं वर्ष 2018-19 में आवंटित शौचालय को उन्हीं लाभार्थियों को दोबारा आवंटित कर धनराशि गबन करने का आरोप लगाया था। डीएम ने मामले की जांच जिला विकास अधिकारी और अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दी।
अधिकारियों की जांच में नियम विरुद्ध शौचालयों का आवंटन पाया गया। छह लाभार्थियों को दोबारा शौचालय आवंटित कर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया गया। गठित टीम की जांच रिपोर्ट मिलने पर डीएम ने प्रधान महेश कुमार के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार पर अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक लगा दी। मामले की अंतिम जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी भी गठित कर दी है।
सचिव को निलंबित करने के निर्देश
डीएम ने जांच में दोषी मिले ग्राम पंचायत सचिव केपी सिंह को निलंबित करने का निर्देश डीपीआरओ को दिया है। इसके अलावा बीडीओ बिलसंडा अमित शुक्ला और एडीओ पंचायत हरीश चंद्र भारतीय से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।