टेलीफोन एक्सचेंज में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में तीन एसी, केबिल, सहित लाखों रुपये के उपकरण फुंक गए। बीएसएनएल की मोबाइल और बेसिक फोन सेवा ठप हो गई। मोबाइल सेवा को तो दूसरे दिन दुरुस्त कर दिया गया, लेकिन बेसिक फोन सेवा दो-तीन दिन में सही कर पाने की उम्मीद विभागीय अफसर जता रहे हैं। ठप सेवा से उपभोक्ताओं में रोष है। वहीं विभाग को लाखों रूपये प्रतिदिन का चूना लग रहा है।
घटना सोमवार देररात की है। एसडीओ देवकी नंदन गंगवार ने बताया कि शार्ट सर्किट से टेलीफोन एक्सचेंज में आग लग गई। आग में तीन एसी, केबिल सहित लाखों रुपये के उपकरण फुंक गए। बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। घटना से नगर सहित क्षेत्र की बीएसएनएल मोबाइल और बेसिक फोन सेवा पूरी तरह ठप हो गई। इससे बीएसएनएल के उपभोक्ताओं का आपसी संपर्क दूसरे दिन भी कटा रहा। मंगलवार को अपरान्ह बाद बीएसएनएल सेवा को दुरुस्त किया गया, लेकिन मात्र कुछ सीरीज के ही मोबाइल काम करना शुरू कर पाए। बेसिक फोन सेवा दूसरे दिन भी दुरुस्त नहीं हो सकी। एसडीओ ने बताया कि मोबाइल सेवा को ठीक करवा दिया गया है। बेसिक फोन सेवा दुरुस्त होने में दो-तीन दिन लगने की उम्मीद है। फुंके उपकरणों को बदलवाकर शीघ्र ही बेसिक फोन सेवा को भी दुरुस्त करा दिया जाएगा।