फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परेवा वैश्य में भीषण आग, 200 से अधिक किसानों की गेहूं की फसल जली

विज्ञापन
जहानाबाद क्षेत्र में गेहूं के खेतों में लगी आग। - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
जहानाबाद (पीलीभीत)। गेहूं के खेत में अचानक लगी आग कुछ ही देर में भीषण हो गई। देखते ही देखते आग फैलती चली गई और 200 से अधिक किसानों के खेतों को चपेट में ले लिया। एकजुट हुए किसानों ने ट्रैक्टरों से जुताई कर बमुश्किल आग पर काबू किया, मगर तब तब आग कहर बरपा चुकी थी। सूचना के ढाई घंटे बाद पहुंची दमकल टीम को ग्रामीणों ने विरोध कर वापस कर दिया। एसडीएम से भी तीखी बहस हुई। हालांकि हरसंभव मुआवजे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया जा सका। अब राजस्व टीम किसानों की सूची तैयार कर नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
विज्ञापन

हादसा बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ। जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव परेवा वैश्य में किसानों के खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी। ग्राम पंचायत के मजरा बरी की तरफ से खेत में लगी आग बढ़ती हुई आई और चंद मिनटों में ही भीषण रूप ले लिया। तेज हवा चलने से आग फैलती चली गई। आग की लपटें उठती देख किसान जमा हुए। इसकी सूचना दमकल टीम और पुलिस को दी गई। खुद ही गीली लकड़ी डालकर, ट्रैक्टरों से जुताई कर किसान आग पर काबू करने में जुट गए। फिर करीब दो घंटे बाद आग पर काबू किया जा सका, मगर तब तक आग फसल तबाह कर चुकी थी। आसपास के गांव सिरसी, भगाडांडी के कुछ खेतों को भी आग ने चपेट में ले लिया। शाम करीब सवा चार बजे दमकल कर्मचारी छोटी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। टीम को ग्रामीणों ने बाहर ही रोक लिया और खेतों की तरफ जाने ही नहीं दिया। स्पष्ट कह दिया कि जब सब तबाह हो गया, तब आने का क्या फायदा। टीम ने चुपचाप रहने में ही भलाई समझी। एसडीएम रामदास, प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद हरीश वर्धन सिंह, अमरिया एसओ उदयवीर सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। एसडीएम से लोगों ने दमकल टीम के देरी से पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। एसडीएम ने इस पर उन्हें मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए अमरिया तहसील क्षेत्र में दमकल की बड़ी गाड़ी खड़ी कराई जाए। इस पर एसडीएम ने अधिकारियों से बात कर समाधान कराने की बात कही। फिर टीम लगाकर नुकसान का सर्वे शुरू कराया गया। राजस्वकर्मी इसे लेकर ग्रामीणों से जानकारी करते रहे। फिलहाल करीब 200 से अधिक किसानों की 175 एकड़ में खड़ी फसल का नुकसान होने का अनुमान है।
एक खेत पर चल रही कंबाइन की चिंगारी से तो नहीं लगी आग, पड़ताल में जुटी टीमें
जहानाबाद (पीलीभीत)। परेवा वैश्य गांव में बृहस्पतिवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने किसानों का सबकुछ तबाह कर दिया। गुस्से और नुकसान से परेशान किसान भी हादसे की वजह का पता लगाने में जुटे रहे। मगर तस्वीर पूरी तरह से साफ नहीं हो सकी। ग्रामीणों के अनुसार परेवा वैश्य गांव के मजरा बरी की तरफ से आग बढ़ती हुई आई थी। यह भी जानकारी मिली कि एक खेत पर कंबाइन चल रही थी। ऐसे में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि कंबाइन से निकली चिंगारी से तो आग की शुरूआत नहीं हुई। चूंकि मजरा बरी के उस खेत की फसल भी जली है, जिसमें कंबाइन चल रही थी। खेतों के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। इसे देखते हुए कुछ लोग तारों से निकली चिंगारी से भी हादसे का अनुमान लगाते दिखे। फिलहाल प्रशासन हादसे की वजह को लेकर भी पड़ताल कर रहा है।
विज्ञापन

नहर न होती तो और आगे बढ़ जाती आग
परेवा वैश्य के खेतों पर खड़ी फसल तबाह करते हुए आग बढ़ती जा रही है। इसी बीच गांव के बाहर की नहर ने आग को रोक दिया। अगर नहर न होती तो आग सिरसी अमखिड़िया, अमखेड़ा गांव की तरफ बढ़ जाती। फिर इसे काबू करना मुश्किल हो जाता।
अब खेत पर नहीं डलने देंगे एक बूंद पानी
दमकल टीम आग बुझने और फसल तबाह होने के बाद पहुंची थी। ऐसे में ग्रामीणों में खासा गुस्सा था। एसडीएम की मौजूदगी में ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि दमकल टीम को खेतों की तरफ नहीं जाने देंगे। खेत पर एक बूंद पानी नहीं डलने दिया जाएगा, जो होना था वह तो हो चुका। अब प्रशासन आगे की सोचे। एक बड़ी दमकल की गाड़ी अमरिया या निसरा में खड़ी कराने की मांग की जाती रही।
लेखपालों से करा रहे आकलन
लेखपालों की टीम गठित कर दी गई है। वह किसानों से संपर्क उनके नुकसान का आकलन करेगी। पूरी रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। फिर हरसंभव मदद करते हुए मुआवजा दिलाया जाएगा। - रामदास, एसडीएम अमरिया

फायर बिग्रेड की गाड़ी का घेराव करते उग्र किसान।- फोटो : PILIBHIT

 

गेहूं के खेतों में लगी आग की सूचना पर पहुंचे अधिकारी।- फोटो : PILIBHIT

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें