गांव ढक्काचांट और टांडा छत्रपति में नरई के खेतों में लगी आग से किसानों में खलबली मच गई। आग में वहीं के अवतार सिंह की करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। गांव भगवंतापुर निवासी नन्हेंलाल और इंद्रजीत के घर आग से हजारों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आकर इंद्रजीत की बकरी झुलस गई।
सोमवार अपराह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे गांव टांडा छत्रपति के समीप नरई के खेतों में अचानक आग लग गई। इसका पता लगने पर गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक वहीं के अवतार सिंह के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। आग में करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। गांव ढक्का चांट के नरई के खेतों में आग की सूचना पर गांव वाले मौके पर जाकर आग बुझाने को जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। भगवंतापुर। वहां के इंद्रजीत के घर रविवार रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। शोर सुनकर इकट्ठे हुए ग्रामीणा आग बुझाने को जुट गए। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया तब तक इंद्रजीत के घर का सारा सामान जल गया। आग की चपेट में आकर उसकी एक बकरी भी झुलस गई। आग की चपेट में आकर उनके पड़ोसी नन्हेंलाल की झोपड़ी जल गई। इंद्रजीत सिंह ने रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।