हाईटेंशन बिजली लाइन से बांस के झाड़ में आग लग गई। आग आसपास गेहूं के खेतों को चपेट में न ले ले, इसे लेकर किसानों मेें हड़कंप मच गया। गांव पताबोझी में लीलाधर के गेहूं के खेत मेें आग लगने से करीब डेढ़ बीघा फसल जलकर राख हो गई। बिजली सप्लाई बंद न होने पर किसानों ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने गेहूं की फसल कटने तक दिन में बिजली सप्लाई बंद रखने की मांग की।
पूरनपुर के औद्यौगिक विद्युत उपकेंद्र से घुंघचाई क्षेत्र की दो राइस मिल को बिजली दी जाती है। इस लाइन में अधिकांश समय सप्लाई चालू रहती है। बुधवार को गांव मदारपुर के समीप बांस के झाड़ स्पार्किंग से आग लग गई। आग कहीं गेहूं के खेतों को चपेट में न ले ले, इसको लेकर आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया। कुछ किसानों ने बिजली उपकेंद्र फोन कर बिजली सप्लाई बंद करने को कहा लेकिन सप्लाई बंद नहीं की गई। इससे गुस्साए किसान घुंघचाई विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा किया। तब कहीं बिजली सप्लाई बंद की गई। इस मौके पर ओमप्रकाश, रामकुमार, रितेश भारती, विकास भारती, दीनदयाल, रमेश, नंदराम, रामभरोसे,रामपाल, तौलेराम आदि थे।
उधर, गांव पताबोझी निवासी लीलाधर के गांव के समीप गेहूं के खेत में आग लग गई। आग से करीब डेढ़ बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। आग पड़ोस के खेत में नरई जलाने से लगी थी। इधर, पूरनपुर देहात के मोहल्ला हबीबगंज निवासी सुनील के घर में बुधवार अपरान्ह आग लग गई। इससे करीब सत्तर हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।